नामांकन में आने वाली चुनौतियाँ और समाधान
- Samanta
- Jun 9
- 2 min read
विद्यालय में नामांकन (Enrolment) के दौरान मुझे कई प्रकार की चुनौतियों का अनुभव हुआ है। इनमें सबसे प्रमुख समस्या आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र से जुड़ी रही है। कई बच्चे ऐसे होते हैं, जिनका जन्म घर पर हुआ होता है, जिसके कारण उनके पास अस्पताल का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होता और जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में कठिनाई आती है। इसी वजह से उनका विद्यालय में समय पर प्रवेश नहीं हो पाता।
मेरे अनुभव में ऐसा एक मामला सामने आया, जहाँ दो बच्चों के पास आवश्यक दस्तावेज़ उपलब्ध नहीं थे। इस स्थिति को देखते हुए हमने समुदाय में जाकर अभिभावकों से संवाद किया और उनकी समस्या को समझा। दस्तावेज़ों के अभाव में बच्चों का नामांकन रुकना नहीं चाहिए, इस बात को ध्यान में रखते हुए हमने उनके टीकाकरण कार्ड (Vaccination Card) के आधार पर उनका विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित किया, ताकि उनकी पढ़ाई बाधित न हो और वे शिक्षा से वंचित न रहें।
इसके साथ ही हमने अभिभावकों को यह भी समझाया कि वे आशा कार्यकर्ता (ASHA Worker) से संपर्क करके बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनवाने की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करें। साथ ही, उन्हें नियमित रूप से बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इस अनुभव से मुझे यह समझ में आया कि केवल नामांकन कर देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समुदाय के साथ निरंतर संवाद और जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है। कई बार माता-पिता को यह जानकारी नहीं होती कि किन दस्तावेज़ों की आवश्यकता होती है और उन्हें कहाँ से बनवाया जा सकता है। इसलिए समुदाय में जाकर लोगों को सही जानकारी देना बहुत आवश्यक है, ताकि नामांकन के समय बच्चों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
मेरा मानना है कि जब हम समुदाय को समय-समय पर जागरूक करते हैं और आवश्यक प्रक्रियाओं में सहयोग प्रदान करते हैं, तभी हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार पूर्ण रूप से प्राप्त हो सकता है और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रह सकता।

By Swati
Samanta Team





Comments